
इंदौर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर अब सबसे महत्वपूर्ण चरण आ गया है। रेलवे 11 जून को यार्ड रीमॉडलिंग और ऑपरेटिंग सिस्टम शिफ्टिंग का काम करेगा, जिसके लिए विशेष ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी कारण 11 जून को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यदि शिफ्टिंग का काम तय समय पर पूरा हो गया तो 12 जून से ट्रेनों का संचालन नए स्टेशन भवन से शुरू कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पश्चिम रेलवे ने लक्ष्मीबाई नगर यार्ड के फेज-2 रीमॉडलिंग कार्य के लिए 11 जून को ब्लॉक घोषित किया है। इसके चलते चार पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, आठ डेमू ट्रेनों को लक्ष्मीबाई नगर तक ही चलाया जाएगा, जबकि 10 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस दौरान स्टेशन के ऑपरेटिंग, सिग्नल और कंट्रोल सिस्टम को पुरानी बिल्डिंग से नई बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जाएगा। रेलवे सूत्रों के मुताबिक नई स्टेशन बिल्डिंग लगभग तैयार हो चुकी है और अब रेलवे का पूरा फोकस संचालन को नए भवन में शिफ्ट करने पर है।
11 जून को यह रहेगा असर
– उज्जैन-इंदौर और इंदौर-उज्जैन की चार पैसेंजर ट्रेनें निरस्त।
– रतलाम-डॉ. अंबेडकर नगर और डॉ. अंबेडकर नगर-रतलाम की आठ डेमू ट्रेनें आंशिक निरस्त।
-रतलाम-ग्वालियर, भिंड-रतलाम, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-जोधपुर, प्रयागराज-डॉ. अंबेडकर नगर, वंदे भारत समेत 10 ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी।
तोड़ा जाएगा पुराना भवन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुराने स्टेशन भवन से नए भवन में शिफ्टिंग पूरी होते ही पुरानी स्टेशन बिल्डिंग को तोडऩे का काम शुरू किया जाएगा। भवन हटने के बाद उसकी जगह अतिरिक्त रेलवे ट्रैक और नया प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा, जिससे स्टेशन की क्षमता और बढ़ेगी। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं का विस्तार भी होगा।
55 करोड़ की परियोजना अंतिम चरण में
करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर नया दो मंजिला भवन, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, तीन लिफ्ट और 36 फीट चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। स्टेशन पर दो नए प्लेटफॉर्म और दो अतिरिक्त रेलवे ट्रैक भी विकसित किए जा रहे हैं। रेलवे का लक्ष्य जुलाई के पहले सप्ताह तक नया ट्रैक और प्लेटफॉर्म तैयार करने का है।
इंदौर स्टेशन का विकल्प बनेगा
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि पुनर्विकास पूरा होने के बाद लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन इंदौर के वैकल्पिक टर्मिनल के रूप में विकसित होगा। यहां से लंबी दूरी की कई ट्रेनों का संचालन संभव होगा, जिससे इंदौर मुख्य रेलवे स्टेशन पर दबाव कम होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved