
इन्दौर। शहर में पेट्रोल-डीजल बचाने का मामला अभी तक बयानों तक ही सीमित हो रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शपथ लेते से ही ईवी कार से चलने की घोषणा की थी, लेकिन वे आज तक इस कार में नहीं दिखे, वहीं कल एकमात्र एमआईसी मेम्बर ईवी स्कूटर से निगम पहुंचे और महापौर से कहा कि वे एमआईसी सदस्यों को डीजल कारों की बजाय ईवी कार दें, ताकि पेट्रोल और डीजल बचाया जा सके।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपील के बाद अपने काफिले में बड़े स्तर पर वाहनों की कटौती की और कल सोशल मीडिया पर मात्र चार वाहनों के साथ चलने के उनके वीडियो खूब वायरल हुए, वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अपने काफिले में 13 की बजाय 8 कारें ही चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद उनके काफिले में भी यह परिवर्तन देखा गया, लेकिन स्थानीय तौर पर मोदी की अपील का असर बयानबाजी तक ही सीमित नजर आ रहा है। अभी तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने न तो ईवी से चलने की घोषणा की है और न ही अपने काफिले में कारों को कम करने की।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव खुद इनोवा वाहन से चल रहे हैं, जबकि उन्होंने शपथ लेते ही पर्यावरण संतुलित रखने केा लेकर ईवी वाहन से चलने की घोषणा की थी। उसके बाद वे ईवी कार में नजर नहीं आए। कभी-कभार जरूर रस्म अदायगी के चलते उन्होंने कुछ समय के लिए ईवी कार में सफर किया। कल एमआईसी मेम्बर राजेश उदावत ईवी दोपहिया वाहन से सुबह अपने वार्ड में घूमते रहे और उसी से नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। उदावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील को लेकर उन्होंने अपने वार्ड के लोगों से भी कहा हैकि वे ईवी वाहन का उपयोग करें, ताकि इस आर्थिक संकट के दौरान पेट्रोल और डीजल में व्यय होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाया जा सके। उन्होंने महापौर भार्गव को एक पत्र भी लिखा, जिसमें एमआईसी सदस्यों को जो पेट्रोल और डीजल कारें उपलब्ध कराई गई हैं, उसके स्थान पर ईवी कार दी जाए, ताकि इंदौर नगर निगम देश में एक नया उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
अनूठा उदाहरण, अकेले पहुंचे पदभार ग्रहण करने
दो दिन पहले मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष पद पर मनोनीत सौभाग्यसिंह भारी भरकम लवाजमे के साथ पदभार ग्रहण करने भोपाल पहुंचे थे। उनके काफिले में 700 कारें थीं। इसकी किरकिरी होने के बाद सरकार ने भी इसे संज्ञान में लिया। आज भोपाल में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय कार्यभार ग्रहण करने जा रहे हैं। बुधनी विधानसभा क्षेत्र से आने वाले रवि मालवीय ने कल सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी किया और कहा कि वे केवल एक कार से ही स्वयं भोपाल में कार्यभार ग्रहण करने जाएगे। उन्होंने अपने साथ जाने वाले समर्थकों को भी रोक दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved