
इंदौर। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से फोन कॉल के जरिए साइबर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को तंत्र-मंत्र और अलग-अलग तरह की बातों में उलझाकर पहले पैसे ऐंठे। जब महिला ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे और उसके पति को सांप से कटवाने तक की धमकी दे डाली। डर के चलते महिला काफी समय तक आरोपी के झांसे में रही। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस से शिकायत की।
दरअसल, खजराना थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता सरिदोष के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने महिला को बातों में उलझाया और तंत्र-मंत्र से जुड़ी बातें बताते हुए डराना शुरू किया। इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर महिला से ऑनलाइन तरीके से करीब 31 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
जब महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे और उसके पति को डराते हुए सांप से कटवाने की धमकी दी। इस धमकी के बाद महिला और उसका परिवार और अधिक भयभीत हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने मध्यप्रदेश पुलिस की जीरो एफआईआर व्यवस्था के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन पर तंत्र-मंत्र, डर या लालच में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved