इंदौर न्यूज़ (Indore News)

भाजपा में आई कांग्रेस पार्षद को मोदी से मिलाया, मोदी को देखते ही फफक पड़ी भाजपा कार्यकर्ता

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बूथ के सबसे छोटे कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी मिले

इंदौर। भाजपा की सबसे छोटी इकाई मतदान केन्द्र पर काम करने वाले बूथ अध्यक्ष का आज प्रधानमंत्री से मिलने का सपना साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री से मिलने के लिए सभी को आज एयरपोर्ट पर बुलाया गया है। प्रधानमंत्री के इदौर से लौटते समय भी कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को भाजपा कार्यालय से फोन गए हैं कि वे सही समय पर एयरपोर्ट पहुंच जाएं। इसमें पार्षद विनिता मौर्य का नाम भी शामिल हैं जो 9 दिन पहले ही कांग्रेस छोडकऱ भाजपा में शामिल हुई है। वहीं एक भाजपा कार्यकर्ता तो मोदी को देख फफक–फफक कर रो पड़ी।

पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा संगठन की ओर से घोषणा की गई थी कि जो भी बूथ अध्यक्ष अपने बूथ पर भाजपा के पक्ष में सर्वाधिक मतदान कराएगा, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का मौका मिलेगा। प्रधानमंत्री विधानसभा चुनाव के बाद अब इंदौर आ रहे हैं। हालांकि वे यहां से धार और खरगोन में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में होने वाली सभा में इंदौर होकर रवाना हुए। इसी दौरान भाजपा के बूथ अध्यक्षों को मिलवाया गया। सांवेर विधानसभा के निपानिया मंडल की वंदना सिंह के सामने जब मोदी आए तो वे भावुक हो गई और रो पड़ी। मोदी ने उन्हें आशीर्वाद दिया और आगे बढ़ गए।


कल शाम ही सभी को फोन पर कहा गया कि वे सही समय पर एयरपोर्ट पर पहुंच जाएं। मोदी से मिलाने के लिए 8 बूथ अध्यक्ष, 8 महामंत्री, नगर की 6 विधानसभा से 6 सक्रिय कार्यकर्ता और 6 महिला कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। सुबह 15 बूथ अध्यक्ष और महामंत्री मिलेंगे, जिसमें एक नाम परदेशपुरा के वार्ड से कांग्रेस की पार्षद रही विनिता मौर्य भी शामिल है। वैसे उनके पहले संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अंतरसिंह दरबार, पंकज संघवी, स्वप्निल कोठारी जैसे नेता भी भाजपा में शामिल हुए हैं, लेकिन उनका नंबर नहीं लग पाया। जब मोदी यहां से रवाना होंगे तक लोकसभा संयोजक रवि रावलिया, सहसंयोजक गोपाल गोयल और विस्तारक अनुज दुबे का नाम भी मिलने वालों की सूची में रखा गया है। वहीं कुछ ऐसे कार्यकर्ताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं जो किसी पद पर नहीं है, लेकिन पार्टी में सक्रिय भूमिका में बने रहते हैं। विदित है कि नगर अध्यक्ष रहते गोपीकृष्ण नेमा ने इसकी शुरूआत की थी। उनका कहना था कि हर बार वे ही नेता किसी बड़े नेता के आगमन पर एयरपोर्ट पहुंच जाते थे और नीचे के कार्यकर्ताओं को कभी मौका नहीं मिल पाता था। इसके बाद जब-जब प्रधानमंत्री का आगमन हुआ नगर, मंडल और मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ-साथ मंडल अध्यक्ष तक को उनसे मिलवाया गया। रणदिवे ने भी कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की इच्छा मोदी से मिलने की होती है और इसी को लेकर आज कार्यकर्ताओं को उनसे मिलवाया जा रहा है।

Share:

Next Post

कांग्रेस का नोटा, कागज पर बड़ी कवायद मैदान में कमजोर अमल

Tue May 7 , 2024
इंदौर। अपने अधिकृत प्रत्याशी द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस ने इंदौर के चुनाव को नोटा बनाम भाजपा का रंग दे दिया है। प्रारंभिक तौर पर शहर के लोगों से अच्छा रिस्पांस मिलने के बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे को असरकारक तरीके से मैदान में नहीं ला पा रही है। कांग्रेस की तैयारी कागजों पर […]