भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मतदान केंद्र स्तर पर अभिकर्ता नियुक्त करेगी कांग्रेस

  • मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर रखेंगे नजर
  • पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्रों के कटवाने के लिए करेंगे दावा-आपत्ति

भोपाल। वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस मतदान केंद्र स्तर पर अभिकर्ता नियुक्त करेगी। ये नवंबर 2022 से प्रारंभ होने वाले मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य पर नजर रखेंगे। पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्रों के नाम कटवाने के लिए बूथ लेवल आफिसर को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करेंगे। इसके लिए प्रदेश संगठन ने सभी विधायक और जिला इकाइयों को मतदान केंद्र स्तर पर अभिकर्ता नियुक्त करने के लिए कहा है ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी न रहे।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव के समय अधिकांश निकायों में मतदाता सूची की गड़बड़ी सामने आई थी। पात्र मतदाताओं के नाम काट दिए गए और मतदान केंद्र भी बिना बताए बदल दिए। इसके कारण मतदाता मतदान करने से वंचित हो गए। आगामी विधानसभा चुनाव में इस तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र स्तर पर अभिकर्ता नियुक्त किए जाएंगे। इनका काम मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के समय पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और अपात्रों के नाम हटवाने के लिए दावा-आपत्ति करने का होगा। इसके लिए सभी विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश और जिला इकाइयों के पदाधिकारियों को 64 हजार 634 मतदान केंद्रों पर अभिकर्ता नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।


नौ नवंबर को होगा प्रारंभिक प्रकाशन
मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन जिला मुख्यालयों पर नौ नवंबर 2022 को होगा। इसके साथ ही सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने, संशोधन या स्थानांतरण के लिए आवेदन पत्र आठ दिसंबर तक लिए जाएंगे। 26 दिसंबर तक इनका निराकरण किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी 2023 को होगा। इसके आधार पर विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।

Share:

Next Post

अफसरों की कमी से लडख़ड़ाया राजस्व विभाग

Tue Aug 9 , 2022
राजस्व संबंधी शिकायतों के निराकरण की गति पड़ी धीमी भोपाल। प्रदेश में अधिकारियों-कर्मचारियों की कमी का खामियाजा कई विभागों को उठाना पड़ रहा है। सबसे अधिक असर राजस्व विभाग पर पड़ रहा है। प्रदेश में राजस्व संबंधी शिकायतों की पेंडेंसी लगातार बढ़ रही है। पेंडेंसी अब तक बढ़कर 10 लाख से अधिक हो गई है। […]