उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

मंदिर में दो दिन के लिए फिर बदली दर्शन व्यवस्था

  • 5 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान-ड्रोन से रखी जाएगी भीड़ पर नजर

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में दो दिन के लिए एक बार फिर दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। समिति के अनुसार नए साल के दो दिन महाकाल दर्शन के लिए 5 लाख से अधिक लोगों के आने का अनुमान है। इस कारण नई व्यवस्था की गई है। इधर पुलिस ने भी महाकाल में भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन से नजर रखने की व्यवस्था की है और अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा।
महाकाल मंदिर प्रशासक संदीप सोनी के मुताबिक कल नए साल का पहला दिन है और इस दिन रविवार का अवकाश होने के कारण महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए 5 लाख से अधिक लोगों के अनुमान है। इसे देखते हुए आज 31 दिसम्बर और 1 जनवरी को दी जाने वाली भस्मारती को ब्लॉक कर दिया गया है। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण के लिए श्रद्धालुओं की कतार भी महाकाल लोक के समीप त्रिवेणी संग्रहालय से लगाई जाएगी। यहाँ से श्रद्धालु प्रवेश करेंगे और गणेश मंडपम से दर्शन करते हुए महाकाल लोक में बने द्वार से बाहर निकलेंगे।


इसी तरह 250 रुपए शीघ्र दर्शन की रसीद लेने वाले श्रद्धालु महाकाल थाने के पीछे से प्रवेश कर बड़ा गणेश की गली होते हुए गेट नंबर 4 से प्रवेश करेंगे। इसी द्वार से मीडिया और पुजारियों को भी प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लड्डू प्रसादी के लिए भी मांग अधिक रहेगी, इसे देखते हुए प्रसाद के नए काउंटर बनाए गए हैं। वर्तमान में 45 क्विंटल लड्डू की खपत हो रही है और नए साल में 70 क्विंटल लड्डू प्रसादी की खपत का अनुमान है और इसका स्टाक बनवाया गया है। इधर पुलिस विभाग ने भी नए साल के दो दिन लाखों की भीड़ के अनुमान को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियाँ की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्रिवेणी संग्रहालय से लेकर महाकाल लोक और महाकाल मंदिर के चारों ओर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके लिए 500 पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा और महाकाल मंदिर की सुरक्षा में भी 350 जवानों को तैनात किया जाएगा।

Share:

Next Post

चायना डोर नहीं मिलने से खतरे की आशंका टली

Sat Dec 31 , 2022
पूर्व में एक लड़की की जान चली गई थी-इस बार सख्ती के कारण बड़ी बरामदगी नहीं उज्जैन। चायना डोर की सख्ती के कारण बाजार में अब बिक्री बंद हो गई है। हालांकि पतंग बाजार में उठाव नहीं है और आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ेगी। करोड़ों रुपए का पतंग बाजार होता है और कई लोग […]