भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

अब दलितों के बीच गांव-गांव पहुंचेगी मप्र भाजपा

  • रविदास जयंती पर कल से शुरू होंगे आयोजन

भोपाल। प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा आदिवासियों को साधने के बाद अब दलितों को रिझाने में जुट गई है। भारतीय जनता पार्टी संत रविदास जयंती के बहाने प्रदेश भर में दलितों के बीच गांव-गांव जाएगी। प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष कैलाश जाटव ने प्रदेश भर में संत रविदास जयंती मनाने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि 19 फरवरी तक आयोजन होंगे। इस बीच भाजपा अजा मोर्चा के पदाधिकारी गांव-गांव जाएंगे। संत रविदास जयंती पर होने वाले आयोजनों में पार्टी के नेता भी हिस्सा लेंगे। भाजपा द्वारा रविदास जयंती पर आयोजित किए जा रहे आयोजनों को दलित समाज में पैठ बढ़ाने से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि अभी तक भाजपा का फोकस आदिवासी वर्ग पर था। यही वजह है कि पिछले डेढ़ साल से सत्ता एवं संगठन ने आदिवासी वर्ग से जुड़े कई बड़े आयोजन किए हैं। जिनमें प्रधानमंत्री मोदी तक ने शिरकत की है। भाजपा अगले विधानसभा चुनाव से पहले दलितों को भी साधना चाहती है। यही वजह है कि संत रविदास जयंती के बहाने भाजपा दलितों के बीच पहुंच रही है। इधर कांग्रेस ने भी संत रविदास जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है।


गांव-गांव जाएगी भाजपा
मप्र भाजपा रविदास जयंती ग्राम पंचायत स्तर तक मनाएगी। इसके लिए सत्ता और संगठन दोनों एक साथ जोर लगा रहे हैं। प्रदेश में इस वर्ग के लिए 35 सीटें आरक्षित हैं। इन सीटों के अलावा दलित वर्ग के वोटर अन्य सीटों पर भी असरदार है। इसलिए दलित वर्ग पर पैनी नजर जमाए है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को इनकी सीटों पर नुकसान उठाना पड़ा है। इसलिए बीजेपी को सत्ता हासिल नहीं हो सकी थी। 2013 की तुलना में अनुसूचित जाति वर्ग की 10 सीटों का नुकसान हुआ। 28 से सीट घटकर 18 पर आ गईं। इसलिए भाजपा दलित वर्ग को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

सभी पंचायतों में होंगे सरकारी कार्यक्रम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संत रविदास सभी वर्गों के संत थे। उनकी जयंती पर प्रदेश में राज्य, जिला, विकासखण्ड और सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन वर्गों के प्रति आदर का भाव हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तर पर कार्यक्रम भोपाल में दोपहर 12 बजे से होगा। इस कार्यक्रम में संत रविदास के मंदिर में दर्शन-पूजन एवं माल्यार्पण के साथ संतों का सम्मान किया जाएगा। अनुसूचित जाति के प्रशिक्षणार्थियों के कौशल उन्नयन के लिए स्वीकृति-पत्रों का वितरण भी होगा। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति सहित सभी वर्गों और संगठनों की सहभागिता होगी। मुख्यमंत्री ने जिलों के प्रभारी मंत्री एवं जन-प्रतिनिधियों को कार्यक्रम के आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम अनुसूचित जाति वर्ग पर केन्द्रित हो।

कमलनाथ सागर में करेंगे सभा
कांग्रेस भी रविदास जयंती के कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों में जुटी है। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 16 फरवरी को सागर में रविदास जयंती पर विशाल सभा को संबोधित करेंगे। मप्र कांग्रेस का दावा है कि सागर में होने वाली सभा में बड़ी संख्या में दलित वर्ग जुटेगा।

Share:

Next Post

लाड़ली लक्ष्मी-2 से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाएगी सरकार

Tue Feb 15 , 2022
महिला बाल विकास विभाग तैयार कर रहा है प्रारूप कैबिनेट मंजूरी के बाद नये बजट में होगी शामिल भोपाल। बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये मप्र सरकार लाड़ली लक्ष्मी-02 योजना लाएगी। इसके लिये महिला एवं बाल विकास विभाग तैयारियों में जुट गया है। हालांकि इसका प्रारूप प्रारंभिक अवस्था में है, बावजूद इसके प्रयास यह है […]