देश मध्‍यप्रदेश राजनीति

शहर विकास में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरीः केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

ग्वालियर। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Union Civil Aviation Minister Jyotiraditya Scindia) ने कहा कि ग्वालियर के विकास में सरकार के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। यह शहर हमारा है और इसके विकास की जवाबदारी भी हमारी है। यह भावना शहर के हर नागरिक में होना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को आयोजित शहर विकास में जनभागीदारी विषय पर शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से चर्चा करते हुए यह बात कही। शहर के विकास में जनभागीदारी के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, मध्यप्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष मनीषा यादव, संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, संत कृपाल सिंह महाराज, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर सहित शहर के व्यवसायी, चिकित्सक, उद्योगपति, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।



केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शहर विकास में जनभागीदारी केवल पैसे के लिये जरूरी नहीं है बल्कि लोगों में अपने शहर के प्रति और विकास के प्रति भावना विकसित हो, यह जरूरी है। समाज का हर वर्ग जब शहर के विकास में भागीदार बनेगा तो हमारा शहर तेजी से विकास की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रमुख चिकित्सकगण, एनजीओ, व्यापारिक संघ, धार्मिक संस्थायें, राजनैतिक संगठन, औद्योगिक संगठन और प्रशासनिक अमला भी अपने-अपने स्तर पर शहर विकास में किस प्रकार भागीदार बन सकता है, उस पर विचार-विमर्श करे और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।

सिंधिया ने बताया कि केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार ग्वालियर विकास के लिये तेजी से कार्य कर रही है। हमारे शहर में 500 करोड़ रुपये की लागत से नया एयरपोर्ट, 250 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन का निर्माण होने जा रहा है। इसके साथ ही वेस्टर्न बाइपास, एक हजार बिस्तर का अस्पताल और एलीवेटेड रोड़ भी बनने जा रही है। इसके साथ ही अनेक विकास कार्यों को शहर में किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने सभी समूहों के लोगों से कहा कि वे अपने-अपने समूह में बैठक करें और विचार विमर्श करने के पश्चात शहर की आंगनबाड़ी, संजीवनी क्लीनिक, चौराहे, पार्क के साथ ही अन्य विकास कार्यों में अपनी सहभागिता निभाते हुए कार्य करें। इन विकास कार्यों में न केवल आर्थिक सहयोग करें बल्कि उसकी देखरेख की जवाबदारी भी उठाएं।

क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि विकास कार्यों में जन सहभागिता के कई प्रयास ग्वालियर में पूर्व में भी किए गए हैं लेकिन इसके सार्थक परिणाम नहीं मिल पाए हैं। हम सबको ही शहर विकास में भागीदार बनना होगा, तभी हमारा शहर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ सकेगा। देश और प्रदेश के कई शहर ऐसे हैं जहां पर लोगों की सहभागिता से विकास के अच्छे कार्य हुए हैं। हमें उनसे प्रेरणा लेकर अपने शहर के विकास में भी भागीदार बनना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की पहल पर जनभागीदारी के लिये जो प्रयास प्रारंभ हुआ है, वह बहुत ही सराहनीय है और हम सबके सहयोग से इसके सार्थक परिणाम भी हमें मिलेंगे, इसकी पूरी आशा है। समाज का हर वर्ग अपने-अपने स्तर पर कुछ न कुछ विकास में भागीदारी की जिम्मेदारी उठाए, इसके लिये हम सबको आगे आना होगा।

संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिये धन एकत्र करना हमारा उद्देश्य नहीं है, हमारा उद्देश्य है कि शहर विकास में शहर के नागरिकों की भागीदारी बढ़े और शहर के सकारात्मक कार्यों में नागरिकों की रूचि को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में पूर्व में हमारा अस्पताल नम्बर वन अभियान भी चलाया गया था, जिसमें 52 स्वयंसेवी संस्थाओं को जोड़कर अस्पताल के विकास और बेहतरी के लिये जन सहयोग से कार्य किया गया है। इस अभियान की तर्ज पर ही हमें आंगनबाड़ी केन्द्रों, संजीवनी क्लीनिकों, पार्कों, चौराहों के विकास में सभी की सहभागिता अपेक्षित है।

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि शहर में 6 संजीवनी क्लीनिक संचालित हैं, जिनका विकास जनभागीदारी से किया जाना अपेक्षित है। इसमें समाज के सभी वर्गों से सहयोग लेकर यहां की चिकित्सकीय सुविधा के साथ-साथ अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही शहर की आंगनबाड़ी केन्द्रों में विभिन्न संस्थाओं की मदद से अधोसंरचना की पूर्ति, बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं की पूर्ति तथा स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को और बेहतर करने की दिशा में जनभागीदारी से कार्य किया जायेगा। शहर के प्रमुख चौराहों और पार्कों के विकास में भी लोगों की सहभागिता से कार्य कराए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

25 दिसम्बर को मनाया जायेगा ग्वालियर गौरव दिवस

कलेक्टर ने बैठक में बताया कि ग्वालियर में प्रत्येक वर्ष 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को गौरव दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इसके लिये लिंक आधारित वेबसाइट विकसित कर लोगों को डिजिटल माध्यम से जोड़ा जायेगा, जो ग्वालियर विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं एवं सहयोग देने के इच्छुक हैं। गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शहर में बड़े स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा।

समाज के विभिन्न वर्गों ने शहर विकास में भागीदारी की दिखाई रूचि

 

बैठक में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के सामने शहर के विभिन्न वर्गों ने शहर विकास में अपनी भागीदारी करने की इच्छा व्यक्त की। किसी ने पार्क विकास की बात कही तो किसी ने चौराहों के विकास और आंगनबाड़ी केन्द्र में सहयोग की बात कही। संजीवनी क्लीनिकों के विकास में भी अपनी भागीदारी पर सहमति व्यक्त की है। बैठक में विकास के लिये दी गई सहमति को सूचीबद्ध कर कार्ययोजना तैयार की जायेगी, जिसके आधार पर जनभागीदारी से विकास के कार्य किए जायेंगे।

 

 

Share:

Next Post

नए नियमों के तहत खेला जाएगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट

Sun Mar 27 , 2022
– योगेश कुमार गोयल क्रिकेट को और ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जिनमें अक्तूबर 2017 में बनाए गए कुछ नियम भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए नियम बनाने वाली संस्था ‘मेरिलबोन क्रिकेट क्लब’ (एमसीसी) के कानून प्रबंधक फ्रेजर स्टीवर्ट का कहना है […]