बड़ी खबर

रूस में प्राइवेट मिलिट्री वैगनर की बगावत, मॉस्को में हाई अलर्ट

मॉस्को। यूक्रेन से जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर (private army wagner) ने बगावत कर दी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर के कई हिस्सों पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।


तनाव के बीच क्रेमलिन ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन (President Putin) थोड़ी देर में देश को संबोधित करेंगे। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है। रूसी मीडिया RT ने भी प्रिगोजिन के हवाले से कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिसमें रोस्तोव की सड़कों और मिलिट्री हेडक्वार्टर के बाहर वैगनर के लड़ाके और बख्तरबंद गाड़ियां नजर आ रही हैं।

वैगनर ग्रुप चीफ येवगेनी प्रिगोझिन के बगावत के एलान के बाद रूस में रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों में लड़ाई शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वैगनर ग्रुप के लड़ाके रोस्तोव शहर में दाखिल हो गए हैं। येवगेनी प्रिगोझिन ने रूस के रक्षा मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं और रूसी सेना के मुख्यालय पर हमले का एलान किया। जिसके बाद रूसी सेना के मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस के पावलोवस्क जिले में भी रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों में झड़प की खबर है। येवगेनी प्रिगोझिन ने अपने ऑडियो संदेश में कहा है कि वह और उसके 25 हजार मजबूत लड़ाके रूस के लोगों के लिए मरने के लिए तैयार हैं।

मॉस्को की सड़कों पर देखे गए रूसी बख्तरबंद

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉस्को की सड़कों पर रूसी बख्तरबंद गाड़ियों और जवानों को देखा जा सकता है। शहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, हालांकि शहर में स्थिति शांत है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य रूस में लिपेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर ने कहा कि मॉस्को को दक्षिणी क्षेत्रों से जोड़ने वाला एम-4 मोटरवे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। यह मॉस्को शहर से लगभग 400 किमी दक्षिण में है।

 

Share:

Next Post

बाढ़ से बिगड़ी असम की स्थिति, 19 जिले प्रभावित; इस जगह 2.67 लाख लोगों पर मंडरा रहा खतरा

Sat Jun 24 , 2023
गुवाहटी। असम में बाढ़ की वजह से अबतक दो लोगों की मौत हो चुकी है। लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से बाहर निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। अबतक 19 जिलों के 4.89 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है। पिछले 24 घंटों में नलबाड़ी जिले में एक व्यक्ति की बाढ़ के पानी में […]