भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ 3 नवम्बर को होगा मतदान

  • मतदान का समय प्रात 7 बजे से सायं 6 बजे तक

भोपाल। प्रदेश में 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप निर्वाचन के लिए चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। मतदान 3 नवंबर को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक सम्पन्न होगा। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरूण कुमार तोमर ने बताया कि 3 नवंबर को पूरी सुरक्षा व्यवस्था एवं कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए मतदान सम्पन्न कराया जायेगा। मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय पुलिस बल की 84 कंपनियां तैनात की गई हैं। दो हजार 500 एसएएफ के जवान, 10 हजार जिला पुलिस बल, 7 हजार होमगार्ड एवं 10 हजार विशेष पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं।

टोकन लेकर कुर्सी में बैठेंगे मतदाता
मतदान केंद्र में पहुंचने वाले मतदाताओं के बैठने के लिए टेंट लगाए गए हैं। इस बार मतदाताओं को लाइन में नहीं खड़ा किया जाएगा, बल्कि तापमान लेने के बाद उन्हें टोकन देकर उन्हें कुर्सियों पर बैठाया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों में पंखा विद्युत व्यवस्था, पेयजल, टॉयलेट आदि व्यवस्था की गई है।

कोविड से बचाव के लिए दी जाएगी अलग से सामग्री
मतदान सामग्री के साथ ही कोविड से बचाव के लिए आयोग से आए मास्क, ग्लव्ज, सैनिटाइजर, थर्मल गन आदि भी मतदान केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। इन सामग्री की अलग से पैकिंग की गई है। सामग्री वितरण व्यवस्था को लेकर रविवार को ट्रायल भी किया गया। वहीं, ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ताजा भोजन, चाय-नाश्ता और आरओ पानी के साथ ही रजाई-गद्दे और मच्छर भगाने के लिए मॉसकीटो क्वॉइल भी दी जाएगी। शहरी क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर यह सुविधा नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्र के पोलिंग बूथ पर यह सभी सुविधाएं जिला पंचायत द्वारा मुहैया कराई जाएगी।

9361 मतदान केंद्रों पर 6367751 मतदाता करेंगे मतदान
कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए मतदान केंद्र को सोमवार और मतदान शुरू होने से पहले मंगलवार को सैनिटाइज किया जाएगा। वहीं, सुरक्षा बलों ने संवेदनशील क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि 9361 मतदान केंद्रों पर 6367751 मतदाता मतदान करेंगे। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए अंतिम एक घंटे उन मतदाताओं से मतदान कराया जाएगा, जिनके शरीर का तापमान असामान्य होगा। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव या संदेही मरीजों को भी अंतिम एक घंटे में मतदान के लिए बुलाया जाएगा। चुनाव आयोग ने इस बार एक हजार से ज्यादा मतदाता किसी भी केंद्र पर नहीं रखने को कहा है। इसके लिए 1441 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों की संख्या बढऩे से कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ गई है। साथ ही तय किया गया है कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो-दो कर्मचारी अतिरिक्त रहेंगे। इनमें से एक का काम मतदाताओं को सैनिटाइजर, दस्ताने और मास्क उपलब्ध कराना रहेगा। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण कुमार तोमर ने बताया कि मतदान के लिए मतदाताओं के बीच शारीरिक दूरी का पालन सुनिश्चित करने के लिए दो गज की दूरी पर गोले बनाए जाएंगे।

Share:

Next Post

करवा चौथः आधुनिकता के बीच संस्कृति का सम्मान

Mon Nov 2 , 2020
– रंजना मिश्रा भारतीय महिलाएं प्राचीनकाल से पति व संतानों के लिए अनेकों व्रत और पूजा-पाठ करती रही हैं। आधुनिक युग में भी जब स्त्रियां जीवन के हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, अपनी संस्कृति और परंपराओं का भी वे उसी प्रकार भली-भांति निर्वाहन कर रही हैं। यही भारतीय […]