भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

वोटर का भरोसा जीतने अब पदयात्रा और बैठकों का दौर

  • आखिरी दौर के प्रचार, प्रत्याशियों और उनके समर्थन में पार्टी के नेताओं ने झोंकी ताकत

भोपाल। उपचुनाव में प्रचार के अब के लिए अब सिर्फ पांच दिन शेष हैं। इस कारण वोटरों को भरोसा जीतने के लिए भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी सुबह से रात तक विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क और बैठकें कर रहे हैं। रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर प्रत्याशी समर्थकों के साथ घर-घर जनसंपर्क के लिए पहुंच रहे हैं। दोनों पार्टियों के नेता भी अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न समाजों के लोगों की बैठक लेकर समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। उपचुनाव का प्रचार खत्म होने से पहले भाजपा ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में भाजपा ने सभी 28 विधानसभा सीटों पर विजय जनसंर्पक अभियान का आगाज किया है। विजयादशमी के दिन से शुरू हुआ ये अभियान चुनाव प्रचार खत्म होने की आखिरी तारीख यानी एक नवंबर तक चलेगा। ये जनसंपर्क सभी 28 विधानसभा सीटों पर चलेगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री समेत कई और बड़े नेता शामिल होंगे। भाजपा की कोशिश इस अभियान के जरिए प्रचार के आखिरी दिनों में अपनी पूरी ताकत झोंकने की है। इसी दौरान 28 अक्टूबर को बीजेपी के बड़े नेता 28 विधानसभाओं में संकल्प-पत्र भी जारी करेंगे।

28 अक्टूबर को 28 सीट का संकल्प पत्र
भाजपा 28 अक्टूबर को सभी 28 सीट के लिए संकल्प पत्र जारी करेगी। यह संकल्प पत्र सभी 28 सीटों पर अलग-अलग जारी किए जाएंगे। भाजपा के तमाम बड़े नेता विधानसभा वार संकल्प पत्र जारी करेंगे। यह माना जा रहा है कि संकल्प पत्र में स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। इसके साथ ही साथ आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप की झलक भी भाजपा के संकल्प पत्र में दिखाई दे सकती है।

भाजपा का मंत्र बूथ जीता तो चुनाव जीता
भाजपा उपचुनाव में बूथ जीता तो चुनाव जीता के मंत्र के साथ चुनावी रण में जुटी है। इसी के तहत 26 अक्टूबर विजयादशमी से 1 नवम्बर तक विजय जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेतागण कार्यकर्ताओं के साथ बूथ स्तर तक पहुंचकर विजय संपर्क अभियान में शामिल होंगे। भाजपा इससे पहले मंडल सम्मेलन और बूथ सम्मेलन के जरिए भी अपनी चुनावी रणनीति को धार दे चुकी है।

एससी वोटर को साधने कवायद
मध्य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर उपचुनाव के तहत 3 नवंबर को वोटिंग और 10 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। इन सभी सीटों पर जीत के लिए हर संभव कोशिश प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस कर रहे हैं। एससी वोटर्स को साधने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल 31 अक्टूबर को बड़ा अभियान चलाने जा रहे हैं। इस अभियान के तहत उपचुनाव वाली 28 सीटों पर एससी वोटर को रिझाने की कोशिश की जाएगी। 31 अक्टूबर को वाल्मीकि जयंती पर भाजपा और कांग्रेस एससी मोर्चा का प्लान तैयार हो गया है। भाजपा एससी मोर्चा 28 सीटों पर वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम के तहत भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की अनुसूचित जाति को लेकर लिए गए फैसलों की जानकारी वोटर्स को देगी। भाजपा के एससी मोर्चा ने एक किताब प्रकाशित की है। इस किताब को उपचुनाव वाली सीटों पर बांटने की तैयारी की जा रही है। इस दौरान कांग्रेस के लोकतंत्र और आरक्षण को लेकर दिए जा रहे बयानों का सच भाजपा बताएगी। भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष सूरज केरो ने इसकी पुष्टि की है। एससी वोटर्स को साधने के लिए कांग्रेस भी हर संभव कोशिश कर रही है। एमपी कांग्रेस एससी मोर्चा के अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि 31 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेसी वाल्मीकि जयंती मनाएंगे। अनुसूचित जाति वर्ग की आरक्षित उपचुनाव वाली 9 सीटों पर इस दिन बड़े आयोजन होंगे। इस दौरान भाजपा की एससी विरोधी मानसिकता को लेकर कार्यक्रम किए जाएंगे।

Share:

Next Post

जानियें: Motorola कंपनी के Moto E7 Plus स्‍मार्टफोन के खास फीचर्स

Wed Oct 28 , 2020
आज का युग में टैक्‍नोलॉजी क्षेत्र में बहुत प्रगति देखने को मिल रही है । स्‍मार्टफोन निर्माता कंपनीयां एक से बढ़कर एक टैक्‍नोलॉजी प्रस्‍तुत कर रही है ।मोटोरोला अब धीरे-धीरे भारत में नए स्मार्टफोन लॉन्च कर रहा है और कंपनी को बजट और मिड-रेंज मार्केट में रखने की कोशिश कर रहा है। मोटो के मिड-रेंज […]