देश

देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1086 नए मरीज मिले, सक्रिय केस घटे, 71 मौतों में से 66 केरल में


नई दिल्ली। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1086 नए मरीज मिले और 71 की मौत हो गई। मंगलवार की तुलना में इन दोनों आंकड़ों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि सक्रिय केस घटे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि 71 मृतकों में से 66 केरल के हैं, यानी राज्य में अब भी संक्रमण का बुरा हाल है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार 1086 नए संक्रमितों के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 30 लाख 30 हजार 925 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय केस देश में कुल संक्रमितों की तुलना में 0.03 प्रतिशत हैं, जबकि ठीक होने वालों की दर 98.76 प्रतिशत।

बीते 24 घंटे में सक्रिय केस में 183 की कमी दर्ज की गई है। दैनिक पॉजिविटी दर अब 0.23 फीसदी और साप्ताहिक दर 0.22 फीसदी दर्ज की गई। महामारी से उबरने वालों की संख्या भी बढ़कर 4,24,97,567 हो गई। जबकि मृत्यु दर 1.21 फीसदी है। देशभर में जारी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में 185.04 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है।


बीते 24 घंटे में देश में 71 लोगों की मौत हुई है। इनमें से केरल में सर्वाधिक 66 लोगों की मौत हुई। देश में कोविड से अब तक कुल 5,21,487 मौतें हुई हैं। इनमें महाराष्ट्र में 1,47,793, केरल में 68,196, कर्नाटक में 40,055, तमिलनाडु में 38,025, दिल्ली में 26,154, उत्तर प्रदेश में 23,497 और पश्चिम बंगाल में 21,199 मौतें शामिल हैं।

मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि 70 फीसदी से अधिक मौतें कोविड के साथ ही अन्य बीमारियों के चलते हुए हैं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि हमारे आंकड़ों का भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के साथ मिलान किया जा रहा है। टीकाकरण के चलते देश की बड़ी आबादी में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ी है। किसी नए कोरोना वैरिएंट ने दस्तक नहीं दी तो देश को महामारी से लगभग उबरने की स्थिति में पहुंच जाएगा।

Share:

Next Post

Chaitra Navratri 2022: कब है अष्टमी-नवमी? यहां जानें सही तिथि, शुभ मुहूर्त व पूजा विधि

Wed Apr 6 , 2022
नई दिल्ली. चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) में पूरे नौ दिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का विधान है. नवरात्रि में अष्टमी-नवमी(Ashtami-Navami) का खास महत्व होता है. अष्टमी के दिन महागौरी और नवमी के दिन सिद्धिदात्री मां का पूजन(worship) किया जाता है. अष्टमी और नवमी दोनों दिन कन्या पूजन करना विशेष फलदायी माना जाता […]