भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सूरमा के बतोले

  • रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून, पानी गए न उबरे, मोती मानुष चून।

इस तस्वीर में भोपाल रेलवे स्टेशन पे मुसाफिरों को मुफ्त ठंडा पानी मुहैया करा रहे इस शख्स का नाम है शरद जैन। उमर है सत्तावन बरस। पेशे से ये रेलवे कोच फैक्टरी में तकनीशियन हैं। इन्हें तन मन धन से लोगों की खिदमत करने का जुनून है। भोपाल रेलवे स्टेशन का मुकम्मल अमला शरद भाई को भोले के नाम से जानता है। एक पैर से मामूली माजूर होने के बावजूद खिदमते खल्क के इनके जुनून में कोई कमी नहीं है। लिहाज़ा गुजिश्ता 27 बरसों ये भोपाल स्टेशन पे ट्रेनों के मुसाफिरों को मुफ्त ठंडा पानी मुहैया कराते हैं।

इस नेक काम को इब्तिदा तो इन्ने अकेले करी थी। बाकी इन्हीं जैसे चार पांच फकिराना मिजाज के बंदे इनका हाथ बंटाते हैं। इस काम ये लोग रोज पांच से सात घंटे लगाते हैं। इनके पास एक सात सौ और एक तीन सौ लीटर की स्टील की टंकी है। जिसमे आरओ वाटर और बर्फ डाल कर शरद प्लेटफार्म नबर 1 से लेकर 3 तक मुसाफिरों को पानी पिलाते हैं। ज्यादातर जनरल कोच के मुसाफिरों को ये सेवा दी जाती है। मग्गे और चुंगी लेकर ये लोग यात्रियों की बोतल भर देते हैं। पंजाब मेल, पठानकोट, भगत की कोठी, संपर्क क्रांति जैसे ही आती है, शरद जैन और इनके साथी ठंडा पानी लेलो की आवाज लगाते हैं। कोच की विंडो से बीसियों यात्री खाली बोतल बाहर कर देते हैं। जिसे फटाफट भर दिया जाता है। अप्रैल से शुरु होकर ये खिदमत जुलाई के पहले हफ्ते तक जारी रहती है। 30 जून से शरद भाई की टीम अमरनाथ यात्रियों की खिदमत में लग जाती है। इसके लिए इनका हरिओम शिवशक्ति अमरनाथ सेवा मंडल मसरूफ हो जाता है। भोपाल से जाने वाले अमरनाथ यात्रियों को मुफ्त नाश्ता मुहैया कराया जाता है। यहां तक की शरद जैन अमरनाथ जाकर यात्रियों के लिए भंडारा भी लगाते हैं। इस काम में चेतन सिंह, कमल चावला, मुकेश शर्मा और नरेश सेन इनकी मदद करते है। भोत नेक काम कर रय हो जैन साब। ऊपरवाला इसका सवाब जरूर देगा।
9755199884
arifmirzabpl@gmail.com

Share:

Next Post

उत्तराखंड हादसे के बाद मुख्यमंत्री रातभर सक्रिय रहे

Mon Jun 6 , 2022
एक मंत्री और अफसरों की टीम लेकर आधी रात को ही पहुंचे देहरादून रात में ही अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले, कंट्रोल रूम पहुंचे देहरादून/भोपाल। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रविवार शाम बस खाई में गिरने से मप्र के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मौत की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सारे कार्यक्रम छोड़कर […]