
नई दिल्ली । जंगल और इंसानों की दुनिया के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है. जैसे-जैसे शहर और बस्तियां जंगलों के करीब पहुंच रही हैं, वैसे-वैसे जंगली जानवरों (Wild animals) के इंसानी इलाकों में आने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं. खासकर पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों (Rural areas) में रहने वाले लोग इन दिनों एक अलग तरह की चिंता में जी रहे हैं. खेतों और घरों के आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
ऐसी ही घटना इन दिनों जापान के कुछ इलाकों में हो रही है. यहां इन दिनों भालुओं के हमलों (Bear Attacks) ने हाहाकार मचा रखा है. यहां के रिहायशी इलाकों में घुसकर भालू न केवल फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि इंसानों के लिए भी काल बन रहे हैं. लेकिन जापानियों ने इसका एक ऐसा फ्यूचरिस्टिक तोड़ निकाला है, जिसे देखकर आपकी भी रूह कांप जाएगी. वहां के गांवों में अब मॉन्स्टर वुल्फ (Monster Wolf) नाम के रोबोटिक भेड़िये तैनात किए जा रहे हैं, जो अपनी लाल चमकती आंखों और डरावनी आवाजों से भालुओं को कोसों दूर भगा रहे हैं. इनकी शक्ल इतनी डरावनी बनाई गई है कि पहली नजर में देखकर कोई भी घबरा जाए.
डराने के लिए बनाया गया खास ‘मॉन्स्टर भेड़िया’
यह कोई साधारण मशीन नहीं है. इसे खास तौर पर जंगली जानवरों को डराने के लिए तैयार किया गया है. इसकी बनावट किसी डरावनी फिल्म के जानवर जैसी दिखाई देती है. रोबोट की आंखें लाल रंग में चमकती हैं. इसका चेहरा गुस्से में दिखने वाले भेड़िए जैसा बनाया गया है. सबसे खास बात यह है कि यह अचानक तेज आवाजें भी निकालता है. जब कोई जानवर उसके पास आता है, तो यह एक्टिव हो जाता है. कभी जोरदार आवाज निकालता है, तो कभी डरावनी हरकतें करता है. इसका मकसद सिर्फ एक है कि यह जंगली जानवरों को इंसानी इलाकों से दूर रख सके.
भालुओं ने बढ़ाई लोगों की चिंता
बताया जा रहा है कि कुछ इलाकों में भालुओं की गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं. कई बार वे खाने की तलाश में गांवों और खेतों तक पहुंच जाते हैं. इस वजह से लोगों के अंदर डर बढ़ गया है. खासकर रात के समय ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोग ज्यादा सतर्क रहने लगे हैं. ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने कोई ऐसा तरीका खोजने की कोशिश की, जिससे जानवरों को नुकसान भी न पहुंचे और इंसानों की सुरक्षा भी बनी रहे. इसी सोच से इस रोबोटिक उपाय को अपनाया गया. जहां-जहां ये रोबोटिक भेड़िये लगाए गए हैं, वहां भालुओं के आने की घटनाओं में भारी कमी देखी गई है, जिसके बाद पूरे देश से इनकी डिमांड आ रही है.
खेतों और गांवों के आसपास हो रही तैनाती
इन रोबोट भेड़ियों को उन जगहों पर लगाया जा रहा है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही ज्यादा रहती है. खेतों, गांवों के बाहरी हिस्सों और संवेदनशील इलाकों में इनकी तैनाती की जा रही है. इनका काम सिर्फ पहरा देना नहीं है, बल्कि आसपास होने वाली हलचल पर प्रतिक्रिया देना भी है. कई लोगों का मानना है कि अगर यह तरीका सफल रहा, तो आने वाले समय में दूसरे देशों में भी ऐसे सिस्टम दिखाई दे सकते हैं.
यह कैसे काम करता है?
जब एक भालू इस ‘मॉन्स्टर वुल्फ’ को देखता है, तो उसकी चमकती आंखें और तेज आवाजें उसे एक बड़े शिकारी का अहसास कराती हैं. चूंकि असली भेड़िये जापान से एक सदी पहले ही विलुप्त हो चुके हैं, फिर भी भालुओं के डीएनए में इन आवाजों का डर बना हुआ है, जिससे वे तुरंत वहां से भाग जाते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved