भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पत्नी को बदसूरत बताकर पति ने घर से निकाला…और कर ली दूसरी शादी

  • आरोपी के बड़े भाई से हुई थी पीडि़ता की बड़ी बहन की शादी,उसे भी कर चुके हैं घर से बेदखल

भोपाल। राजस्थान में रहने वाले व्यक्ति ने भोपाल की लड़की से प्रेम विवाह किया। कुछ साल बाद आरोपी ने पीडि़ता को बदसूरत बताकर घर से निकाल दिया। उसने दूसरी लड़की से शादी भी कर ली है। इतना ही नहीं आरोपी का बड़ा भाई पहले ही पीडि़ता की बड़ी बहन को घर से निकाल चुका है। दरअसल दोनों बहनों की शादी एक ही घर में दो भाईयों से हुई थी। भोपाल की महिला थाना पुलिस ने इस मामले में दहेज प्रताडऩा व शादीशुदा होते हुए दूसरी शादी करने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार भोपाल में रहने वाली 32 वर्षीय महिला का ससुराल राजस्थान में है। अक्टूबर 2010 में उनका विवाह भरत कुमार भाटी से हुआ था। दरअसल भरत कुमार पीडि़त महिला की बड़ी बहन का देवर है। दोनों के बीच प्रेम-विवाह हुआ था। बाद में परिजनों की इच्छा पर दोनों ने अरेंज मैरिज कर ली थी। बताया जा रहा है कि पीडि़त महिला करीब सात माह से भोपाल अपने मायके में रह रही है। पीडि़त महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पति ने उसे यह कहते हुए घर से निकाल दिया था कि तेरी शक्ल अच्छी नहीं है।


तुझसे अधिक सुंदर और बड़े घर की लड़की मुझसे शादी करने के लिए तैयार है। घर से बेदखल होने के बाद से ही पीडि़ता अपने मायके में रह रही है। इस बीच वह कई बार ससुराल गई और पति से गुहार भी लगाई लेकिन पति पर कोई असर नहीं हुआ। पिछले दिनों पीडि़त महिला को पता चला कि पति भरत भाटी ने कुछ माह पूर्व समाज की ही एक लड़की से विवाह कर लिया। पीडि़त महिला अपने पति की दूसरी शादी के फोटो लेकर महिला थाने पहुंची थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पीडि़त महिला की बड़ी बहन ने अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा का प्रकरण दर्ज कराया था। बड़ी बहन के प्रकरण दर्ज कराते ही भरत कुमार भाटी का रवैया भी पूरी तरह से बदल गया और उसने अपनी पत्नी को घर से बेदखल कर दिया।

Share:

Next Post

भोपाल के सभी 472 गांव ओडीएफ प्लस

Tue May 2 , 2023
स्वच्छ सर्वेक्षण (ग्रामीण) में भोपाल को 5 स्टार रेटिंग भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण (ग्रामीण) की ओडीएफ प्लस मॉडल कैटेगरी में भोपाल को फाइव स्टार रेटिंग मिली है। देश के टॉप-10 जिलों में भोपाल चौथे नम्बर पर रहा है। भोपाल के सभी 472 गांव ओडीएफ प्लस हुए हैं। खुले में शौचमुक्त होने पर यह रेंटिंग मिली है। […]